संपन्नता और विपन्नता, ज्ञान एवं अज्ञानता, पुरातनता एवं नवता, राज और समाज के मध्य निरंतर संघर्ष करते हुए अपनी प्रगति के पथ पर सतत अग्रसर होता हुआ बिहार भारत का महत्त्वपूर्ण राज्य है। करीब 12 करोड़ आबादी वाला यह राज्य अनेक जातियों, वर्गों, समुदायों, संप्रदायों तथा अनेक भाषा- भाषियों वाला विकासशील राज्य है। बिहार एक समृद्ध तथा सामासिक संस्कृति संपन्न प्रदेश है। यह वर्धमान महावीर, महात्मा बुद्ध तथा सम्राट अशोक की गौरवमयी धरती है। इसे विश्व का प्रथम गणराज्य (लिच्छवी) होने का श्रेय प्राप्त है। किन्तु समय के साथ बिहार के समक्ष अनेक तरह की चुनौतियाँ उपस्थित हो गईं। यथा- गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, जातिवाद, वर्गवाद, साम्प्रदायिकता, आतंकवाद, राजनीतिक भ्रष्टाचार आदि। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद अपनी सामासिकता को अक्षुण्ण बनाए हुए बिहार प्रगति के राजमार्ग पर गतिशील है। सर्वशिक्षा अभियान के माध्यम से चारों ओर फैला हुआ ज्ञान के आलोक ने बिहार की उपर्युक्त तमाम चुनौतियों के बीच अनेक तरह की संभावनाओं की खोज कर ली है। छोटे- छोटे गृह उद्योग के विकास के कारण बिहार में स्वरोजगार की संभावनाएँ बढ़ी हैं। साथ ही प्राकृतिक प्रकोपों के बावजूद यहाँ की कृषि एक समृद्ध उद्योग का रूप धारण कर लिया है। कारण है कि यहाँ के किसानों ने प्राकृतिक चुनौतियों से जूझना सीख लिया है। संभवत: यही कारण है कि जहाँ अनेक राज्यों के किसान लगातार आत्महत्या करने को उद्वेलित हो रहे हैं, वहीं बिहार के किसान अपनी जीवटता का परिचय देते हुए अनथक योद्धा की भाँति कर्मशील हैं। बिहार अनेक नदियों वाला राज्य है। कमला, कोशी, गंडक, ब्लान, लखनदेई जैसी नदियाँ न केवल यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य को बढ़ाती हैं, बल्कि यह राज्य का समृद्ध जल संसाधन भी है, जो बिहार के विकास में अपनी गंभीर भूमिका निभाती हैं। एक बड़ी आबादी वाला राज्य होने के कारण बिहार एक बड़ा बाजार भी है। यहाँ के विशाल उपभोक्ता को ध्यान में रखते हुए कई मल्टीनेशनल कंपनियाँ बिहार के और रूख कर रही हैं। साधन- संसाधन की सहज उपलब्धता तथा सस्ते श्रमिकों का मिलना उनके लिए सबसे बड़ी संभावना है, जिसके कारण यहाँ अनेक तरह के औद्योगिक विकास हो रहे हैं।
अतएव, हम कह सकते हैं कि बिहार के चहुमुखी विकास के समक्ष अनेक तरह की चुनौतियाँ हैं। फिर भी उनमें लगातार संभावनाएँ खोजी जा रही हैं। इन्हीं संभावनाओं का संबल पाकर बिहार एक उन्नत तथा शक्तिशाली राज्य के रूप में भारतवर्ष के ज्योर्तिमय ललाट पर उदित हो रहा है।
0 Comments:
Post a Comment